बिहार में Dial 112 के कंट्रोल रूम में ऑन ड्यूटी महिला सिपाही ने की खुदकुशी, पति ने मेजर पर लगाए ये गंभीर आरोप

बिहार अपराध देश
Spread the love

समस्तीपुर। बड़ी खबर बिहार के समस्तीपुर जिले से सामने आ रही है, जहां ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मी ने अपनी जान दे दी। दरअसल समस्तीपुर पुलिस महकमे  में उस वक्त अफरातफरी माहौल हो गया, जब मुफस्सिल थाना परिसर स्थित डायल 112 कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही 26 वर्षीय अर्चना कुमारी ने कंट्रोल रूम कमरे के अंदर गले में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली।

डायल 112 के कंट्रोल रूम के अंदर ही कमरे को बंद कर पंखे से फंदे में झूलता उसका शव मिला। स्थानीय पुलिस ने कंट्रोल रूम का कमरा तोड़कर मृतका का शव बाहर निकाला। पुलिस शव कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि खुदकशी से पहले मृतका ने अपने पति पुलिसकर्मी सुमन कुमार के व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट भेज दिया। जिसके बाद पति को इस घटना की जानकारी मिली। उसने स्थानीय पुलिस को इस  घटना की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार मृतका अर्चना कुमारी गया जिला के खिजासराय थाना के मनदेई गांव की रहने वाली थी। दोनों पति-पत्नी समस्तीपुर जिला बल में सिपाही हैं। दो माह पूर्व से मृतका के पति सुमन कुमार सस्पेंड थे। इस कारण वह काफी तनाव में थी। पति ने तनाव के चलते खुदकशी की आशंका जताई है।

इस मामले में मृतक महिला पुलिसकर्मी अर्चना के पति सुमन ने बताया कि वह पहले किराए के मकान लेकर रहता था और सरकारी मकान अलॉट करने के लिए आवेदन दिए हुए था। उसके नाम पर पुलिस लाइन में मकान अलॉट हुआ और जब वह चाबी लेने के लिए मेजर के पास गए, तो ताला तोड़ने का मौखिक आदेश दिया गया, जब वह रूम का ताला तोड़कर उसमें रहना शुरू किया, तो मेजर के द्वारा शिकायत की गई और उसे सस्पेंड कर दिया गया।

अर्चना के पति ने पुलिस लाइन के मेजर नयन कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सुमन ने बताया कि मिठाई और पैसा उसे हर महीने चाहिए था। मेजर के ऊपर साजिश रचने और सस्पेंड करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

सूचना मिलते ही सदर डीएसपी संजय पांडे, नगर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य घटनास्थल पर पहुंचे। सदर डीएसपी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर इसके परिवार वाले को भी सूचना दी गई है।