Jharkhand: मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत एक-एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड में पैर पसार रहीं गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा दिल दिखाया है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना, मुख्यमंत्री नि:शुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना के लिए रांची और धनबाद को एक-एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।

आवंटित राशि की निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी संबंधित जिले के सिविल सर्जन होंगे, जबकि राशि के नियंत्री पदाधिकारी अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह होंगे।

मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना का लाभ राज्य और राज्य के बाहर इलाज के निबंधित अस्पतालों में होता है। जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति के बाद संबंधित अस्पतालों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराये जाने का प्रावधान है।

अब तक धनबाद जिले को पांच करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। पूर्व में जिले को चार करोड़ रुपये आवंटित किया जा चुका है। वर्तमान में एक करोड़ का आवंटन किया गया है, जबकि रांची जिले को 2.50 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। पूर्व में जिले को 1.5 करोड़ रुपये आवंटित किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में एक करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है।

बता दें कि, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना का लाभ वैसे व्यक्ति को मिलता है, जिनकी सकल वार्षिक आय लगातार तीन वर्ष तक आठ लाख से कम है। सभी प्रकार के कैंसर, किडनी प्रत्यारोपण, गंभीर लीवर रोग और एसिड अटैक के साथ कुल 21 रोगों से प्रभावितों को चिकित्सा सहायता अनुदान का प्रावधान है।