न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को कल हरी झंडी दिखाएंगी मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जानें विस्टाडोम कोच से लैस इस ट्रेन की खासियतें

झारखंड
Spread the love

रांची। इंतजार की घड़ियां कल समाप्त होने वाली है। झारखंड के रांची रेल मंडल में पहली बार विस्टाडोम कोच आने वाला है। यह कोच न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगेगा। यह विशेष ट्रेन एक विस्टाडोम कोच के साथ रांची पहुंचेगी।

केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी मंगलवार को इसे सुबह 10:30 बजे गिरिडीह में हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह कोच बेहद खूबसूरत और सुखद अहसास कराने वाला होगा। यह ट्रेन रांची आयेगी।

यह ट्रेन न्यू गिरिडीह-रांची के मध्य चलेगी, जो जमुआ, धनवार, महेशपुर हाल्ट, कोडरमा, हजारीबाग टाऊन, बरकाकाना, मेसरा एवं टाटीसिल्वे में भी रूकेगी। इस कोच के माध्यम से सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने पर फोकस कर रही है।

विस्टाडोम से यात्री सफर में पड़ने वाले मनोरम और प्राकृतिक सौंदर्य को महसूस कर सकें। ट्रेन में कुल 13 कोच होंगे। न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन दूसरी रेलगाड़ी हजारीबाग टाउन से जुड़ेगी।

रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि यह पहला मौका होगा, जिसके तहत किसी ट्रेन में विस्टाडोम कोच जोड़ा जा रहा है। ऐसा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

विस्टाडोम कोच में बड़े ग्लास की खिड़कियां हैं। इनमें छह पारदर्शी होंगी। यह यात्री को साइड के साथ ऊपर की तरफ के दृश्य देखने में मदद करेंगी। कोच का निर्माण आईसीएफ ने किया है। इस कोच में 42 से 44 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसकी सबसे बड़ी खासियत होगी इसकी शानदार सीट 180 डिग्री पर घूम सकेगी। शानदार पुश बैक होगी।