Delhi संसदीय समिति ने झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और देवघर के पूर्व उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को किया तलब, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली देश
Spread the love

नयी दिल्ली। बड़ी खबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आई है। संसद की विशेषाधिकार समिति ने सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की ओर से झारखंड के देवघर के तत्कालीन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ आधिकारिक पद के कथित दुरूपयोग के संबंध में दर्ज करायी गयी शिकायत के आलोक में झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और भजंत्री को 21 सितंबर को तलब किया है।

लोकसभा सचिवालय की विशेषाधिकार एवं आचार शाखा की सूचना के अनुसार, विशेषाधिकार समिति के एजेंडे में कहा गया है कि समिति की अगली बैठक 21 सितंबर 2023 को होगी।

इसमें कहा गया है कि झारखंड के देवघर के तत्कालीन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ आधिकारिक पद के कथित दुरूपयोग के संबंध में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे द्वारा 5 सितंबर 2022 को विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठाया गया था तथा 4 जून 2023 को मंजूनाथ भजंत्री ने डॉ. निशिकांत दुबे के खिलाफ पत्र लिखा था।

नोटिस के अनुसार, इस मामले में झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और देवघर के तत्कालीन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को समिति के समक्ष अपराह्न 3 बजकर 20 मिनट पर मौखिक साक्ष्य के लिए बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला देवघर हवाई अड्डे से उड़ान भरने को मंजूरी लेने को लेकर उत्पन्न विवाद से जुड़ा हुआ है।