Ranchi: मिड डे मील घोटाले में संजय तिवारी समेत इन तीन लोगों के खिलाफ आरोप गठित

झारखंड
Spread the love

रांची। कहते हैं इंसान को अपने किये की सजा जरूर भोगनी पड़ती है। यह बात इन लोगों पर बिल्कुल सटीक बैठती है। मिड डे मील की करोड़ों रुपये की राशि घोटाले के आरोपी संजय तिवारी, राजू वर्मा और सुरेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की अदालत ने आरोप गठित कर दिया। सुनवाई के दौरान इस केस से जुड़े सभी आरोपी कोर्ट के समक्ष उपस्थित थे।

अदालत ने संजय तिवारी समेत अन्य के खिलाफ लगे आरोपों को पढ़कर सुनाया, जिसे आरोपियों ने गलत बताया। संजय तिवारी सहित अन्य की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह ने पैरवी की।

यहां बता दें कि मिड डे मील के करीब 100 करोड़ एसबीआई धुर्वा शाखा से भानू कंस्ट्रक्शन के 34 खातों में अवैध तरीके से स्थानांतरित कर दिये गए थे। इसे लेकर पहले धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी थी।

बाद में मामले की जांच सीबीआई ने ले ली। वर्ष 2021 में ईडी ने कांड संख्या ईसीआईआर 3/2021 दर्ज कर केस टेकअप किया। संजय तिवारी के साथ राजू वर्मा और सुरेश कुमार भी इस केस में आरोपी हैं।