ट्रैफिक नियम का उल्लंघन कर पुलिस को दे सकते हैं चकमा, पर इससे बचना नामुमकिन

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम में बड़ा बदलाव किया गया है।  नियम तोड़ा, तो अब ई-चालान घर पहुंच जाएगा। रांची में अब ई-चालान की व्यवस्था शुरू हो गयी है और इसके लिए स्मार्ट सिटी की ओर से शहर के चप्पे-चप्पे पर विभिन्न प्रकार की अत्याधुनिक तकनीकी के उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इन उच्च तकनीकी वाले उपकरणों के माध्यम से शहर की सड़कों पर चलने वाले सभी वाहनों की गहन निगरानी की जा रही है व यातायात नियम का पालन नहीं करने वालों को स्वतः इस सिस्टम के तहत चिन्हित कर ई चालान भेजा जा रहा है।

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रांची स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से ये चालान निर्गत किए जा रहे हैं। अबतक एक महीने में केवल हेलमेट नहीं पहनने वालों के रूप में 50 हजार से ज्यादा लोगों को चिन्हित करके उनके द्वारा किए गए नियम उलंघन, किस जगह पर नियम तोड़ा और गाड़ी सहित सभी ब्यौरा ट्रैफिक पुलिस को भेजा जा चुका है।

रांची यातायात पुलिस इस डाटा के आधार पर ई चालान भेजना शुरू कर दी है। शहर में निर्धारित गति सीमा से ज्यादा स्पीड में चलने वाले वाहनों पर भी चालान कटना शुरू हो गया है। महज पांच दिनों में 1500 से ज्यादा वैसे लोगों को चिन्हित कर लिया गया है, जो निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे भी ज्यादा सावधान रहने वाली बात ये है कि अब गलत दिशा में चलने वाले वाहनों का भी ई चालान कटना शुरू हो गया है।

शहर के 70 जंक्शन से यातायात नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है और इसके लिए रांची स्मार्ट सिटी और रांची पुलिस की ओर से कुल 1000 से ज्यादा उपकरणों की मदद ली जा रही है। इन उपकरणों में आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रांजिट मैनेजमेंट सिस्टम) के तहत आरएलवीडी कैमरे, एएनपीआर कैमरे और एसवीडी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन की रांची वासियों से अपील है कि आप ट्रैफिक नियमों का पालन करें और खुद को सुरक्षित रखें। लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए वैरिएबल मैसेज साईन बोर्ड के माध्यम से मैसेज भी दिया जा रहा है।

रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार और रांची एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर के साथ डेडीकेटेड मैन पावर रखकर ई चालान निर्गत करने का काम किया जा रहा है। रांची स्मार्ट सिटी के कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।