छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची के पिठोरिया स्थित निश्चल मेमोरियल हाई स्कूल के शिक्षक रथुं मिश्रा उर्फ जगरनाथ मिश्रा पर विद्यालय की तीन नाबालिग छात्राओं ने  छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर परिजनों ने पिठोरिया थाना में शिक्षक के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों के साथ मंगलवार को छात्राओं के परिजनों ने केंद्रीय सरना समिति के बैनर तले शिक्षक की गिरफ्तारी को लेकर घंटों पिठोरिया थाने का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी की। शिक्षक को  गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।

ग्रामीण निश्चल मेमोरियल हाई स्कूल भी जुलूस के रूप में शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। घेराव कर जमकर नारेबाजी करते हुए शिक्षक को गिरफ्तार करने की मांग की। विद्यालय प्रबंधन से आरोपी शिक्षक को हटाने की मांग पर अड़े।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर राजकुमार यादव ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े थे। बाद में प्रशासन की तरफ से बताया गया कि आरोपी शिक्षक रंथु मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद ग्रामीण माने।

मौके पर मौजूद राड़हा पंचायत के मुखिया राजकिशोर मुंडा ने बताया कि गांव की तीन बच्चियां निश्चल मेमोरियल हाई स्कूल में पढ़ने जाती है। वहां के शिक्षक रंथु मिश्रा द्वारा कई महीनों से बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत किया जा रहा था। वह छात्राओं के शरीर पर गलत नियत से हाथ फेर देता था।

सोमवार को भी इस तरह की घटना घटी। फिर बच्चियां अपने परिजनों को इसकी पूरी जानकारी दी। इसके बाद थाने में आवेदन देकर आरोपी शिक्षक पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

सरना समिति कांके के अध्यक्ष रंजीत टोप्पो ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में भी हमारे बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। आदिवासी बच्चियों के साथ लगातार इस तरह की घटना घट रही है। आदिवासी समाज इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं करेगा। सरकार जल्द से जल्द इस पर सख्त कानून बनाएं, ताकि ऐसे अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

मौके पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जावेद अख्तर अंसारी, वरीय झामुमो नेता सोनू मुंडा, सुरेंद्र लिंडा, सोहराई टोप्पो, भादी प्रकाश उरांव, रामु उरांव, बिनोद मुंडा, सुनील खलखो, सूरज टोप्पो, मुखिया लाखो उरांव, लाला महली, योगेंद्र उरांव, जमील अख्तर, बसंत उरांव, लवली कुमारी, सधन उरांव, ग्रामप्रधान छोटन मुंडा सहित दर्जनों महिला पुरुष व स्कूली बच्चे हरवे हथियार के साथ मौजूद थे।