मुंबई। चलती ट्रेन के अंदर RPF कांस्टेबल ने फायरिंग की। इस घटना में एएसआई समेत 4 लोगों की मौत हो गई। गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन (12956) के अंदर फायरिंग की घटना घटी। इसमें एएसआई समेत 4 लोगों की मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पालघर स्टेशन पार करने के बाद RPF कांस्टेबल ने ट्रेन के अंदर गोलीबारी की। गोली मारने के बाद आरोपी दहिसर स्टेशन के पास ट्रेन से बाहर कूद गया। आरोपी सिपाही को हथियार समेत हिरासत में लिया गया है।
मुंबई के डीआरएम नीरज वर्मा ने कहा कि सुबह करीब 6 बजे हमें पता चला कि एस्कॉर्टिंग ड्यूटी पर तैनात एक आरपीएफ कांस्टेबल ने गोलियां चलाई। चार लोगों को गोली लगी है। हमारे रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों से संपर्क किया गया है। अनुग्रह राशि दी जाएगी।
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने बताया कि यह पैन्ट्री कार्ट में घटना हुई थी। इसमें कुल चार लोगों को गोली लगी है, जिसमें से 3 आम नागरिक हैं और एक ASI टीकाराम मीणा है। वह राजस्थान के रहने वाले हैं। अन्य 3 नागरिकों की पहचान की जा रही है।
आरोपी का नाम चेतन कुमार बताया जा रहा है। वह घटना को अंजाम देकर दहिसर स्टेशन के पास चेन खींचकर उतर गया था। उसने अपने आधिकारिक हथियार से इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना की अभी वजह पता नहीं चल पाई है। इसकी जांच की जा रही है।