रांची (Jharkhand)। झारखंड के स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और पारा शिक्षक गैर शैक्षणिक कार्य में लगाए जाएंगे। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। इसकी जानकारी भी राज्य के रांची उपायुक्त को दी गई है।
जानकारी हो कि अगले साल लोकसभा और राज्य में विधानसभा का चुनाव होना है। इसके लिए मतदाता पुनरीक्षण का काम होना है। नए मतदाताओं को जोड़ने सहित इससे संबंधित कई अन्य कार्य किए जाएंगे।
मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित कार्य के लिए कर्मचारियों की जरूरत है। इसके मद्देनजर रांची उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव के रवि कुमार ने शिक्षक और पारा शिक्षक को बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक के पद पर काम करने की अनुमति देने की मांग की थी। इस बाबत उन्होंने 18 जुलाई, 2023 को पत्र लिखा था।
उक्त अनुरोध पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव ने मंजूरी दे दी। उन्होंने रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को 24 जुलाई, 2023 को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि उनके द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन पर सम्यक विचार के बाद निहित प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान की जाती है।