सुभाष मुंडा के परिजनों से मिले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, बंधाया ढांढस और कह दी ये बड़ी बात

झारखंड
Spread the love

रांची। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने माकपा नेता सुभाष मुंडा के आवास पर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इतने युवा नेता, कारोबारी को पेशेवर अपराधियों ने मार दिया। यह क्रिमिनलों का बड़ा दुस्साहस है। बाबूलाल ने आशंका जताई कि जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया गया है, वह कोई पेशेवर अपराधी ही कर सकता है।

ऐसे में पुलिस और प्रशासन को उन पर कड़ी कार्रवाई करनी होगी। साथ ही चिंता जताते हुए कहा कि जनजाति समाज के लोग अपराधियों के निशाने पर आ रहे हैं। यह गंभीर विषय है। मरांडी ने सुभाष मुंडा की हत्या को लेकर सवाल उठाए और कहा कि राजधानी रांची में आये दिन आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे की खबरें आती हैं।

आदिवासी उत्पीड़न के सैकड़ों मामले आते रहते हैं। कल भी एक आदिवासी नेता की हत्या कर दी गई। पूरे रांची महानगर में थाना प्रभारी बनाने के लिए मुख्यमंत्री को एक भी आदिवासी पुलिस ऑफिसर नहीं मिला या फिर आदिवासी पुलिस ऑफिसर आपके “सीएम हाउस कमांड पेड ट्रांसफर पोस्टिंग सिस्टम” के शिकार हैं। बता दें कि रांची के दलादली चौक के पास बुधवार की रात माकपा नेता सुभाष मुंडा की हत्या कर दी गयी।