इंटीमेट सीन में पढ़ी गई भगवत गीता, सेंसर बोर्ड पर भड़के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मांगा जवाब

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। हॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की ‘ओपेनहाइमर’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है, लेकिन इंडिया में फिल्म विवादों में घिर गई है। फिल्म में भगवद गीता से जुड़े एक सीन को लेकर विवाद है।

फैंस काफी नाराज हैं। साथ ही फिल्म के बायकॉट की मांग कर रहे हैं। इसी बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सेंसर बोर्ड से इस सीन को हटाने का आदेश दिया है।

मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने विवादित सीन पर कड़ा रुख अपनाया है। अनुराग ठाकुर ने इस आपत्तिजनक सीन पर CBFC यानी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से जवाब मांगा है। उन्होंने फिल्म के निर्माताओं को इस विवादित सीन को मूवी से तुरंत हटाने का निर्देश दिया है।


इसके अलावा, उन्होंने विवादित सीन के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग को मंजूरी देने में शामिल सभी CBFC सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। फिल्म में एक्टर किलियन मर्फी और फ्लोरेंस पुघ के बीच इंटीमेट सीन दिखाया गया है। इसी सीन में ओपेनहाइमर भगवद गीता के कुछ श्लोक पढ़ते दिखते हैं।

इस सीन के दौरान दिखाया गया कि फलोरेंस पग, किलियन मर्फी की बुक शेल्फ के पास जाती है और देखती है कि साइंस से जुड़ी किताबों के बीच एक अलग किताब रखी है।

फलोरेंस उस किताब के बारे में पूछती है। ओपेनहाइमर इसे संस्कृत भाषा की किताब बताते हैं। इसके बाद फलोरेंस, किलियन मर्फी से उस किताब से कुछ श्लोक पढ़ने के लिए कहती हैं।

भारत सरकार के सूचना आयुक्त उदय माहुरकर ने भी ओपेनहाइमर के विवादित सीन को लेकर रिएक्ट किया है। उन्होंने ‘सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन’ की एक प्रेस विज्ञप्ति शेयर की थी। उन्होंने कहा, “हर कोई हैरान है कि CBFC इस सीन के साथ फिल्म को कैसे मंजूरी दे सकता है।” इतना सब होने बाद भी।

फिल्म भारत में जबरदस्त कमाई कर रही है। फिल्म ने महज तीन दिन में 49 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म को कश्मीर के थिएटर्स में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ‘ओपेनहाइमर’ को कश्मीर के सिनेमाघरों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलने पर एक्साइटमेंट शेयर की है।