राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण हुए फिशरीज कॉलेज से पढ़े 5 विद्यार्थी

शिक्षा झारखंड
Spread the love

गुमला। कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल-भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (ASRB-ICAR) प्रति वर्ष राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा आयोजित करता है। राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में ऐसे योग्य विद्यार्थियों का चयन होता है, जो यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स को पढ़ाना चाहते हैं। राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में झारखंड के गुमला स्थित एक मात्र फिशरीज साइंस कॉलेज से पढ़े पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ।

इस वर्ष राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में फिशरीज साइंस कॉलेज के सबसे पहले सत्र (2017-21) के पांच विद्यार्थी पास हुए। ये विद्यार्थी देश के विभिन्न महाविद्यालयों के भिन्न संकायों में स्नातकोतर की पढ़ाई कर रहे है।

राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों में बिजय कुमार गुप्ता (मत्स्य संसाधन विभाग प्रौद्योगिकी), किसुन सोरेन (मत्स्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी), रंजू कुमारी (मत्स्य पोषण एवं आहार), काजल कुमारी (मत्स्य फिजियोलॉजी एवं बायोकेमिस्ट्री), सूरज कुमार (जलीय जीव एवं स्वास्थ्य प्रबंधन) शामिल हैं।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी। महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता डॉ एके सिंह, सभी सहायक-प्राध्यापक एवं प्राध्यापिका, अन्य गैर शैक्षणिक कर्मचारी एवं संजय नाथ पाठक ने सभी को उनकी कामयाबी पर बधाई दी।