सात फेरा लेने का अरमान लेकर पहुंचे थे दर्जनों जोड़े, पहुंच गई पुलिस, फिर जाने क्‍या हुआ

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

गिरिडीह। मंगलवार को वि‍वाह का शुभ मुहूर्त था। लगन जोरो पर था। इसके मद्देनजर जिले के प्रसिद्ध झारखंडधाम में सात फेरा लेने का अरमान लेकर दर्जनों जोड़े पहुंचे थे। सात फेरा लेने के पहले वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही सबके होश उड़ गये।

कोविड-19 के दिशा-निर्देश पर झारखंडधाम मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद है। तब भी कई लोग मंदिर परिसर के बाहर विवाह की रस्म पूरी कर महादेव को प्रणाम कर अपने घर चले जाते हैं। मंगलवार की सुबह झारखंडधाम में कुछ ज्यादा ही भीड़ उमड़ पड़ी। शादी के लिए लोग सुबह से जुटने लगे। देखते ही देखते जनसैलाब उमड़ पड़ा। बजरंगबली एवं विवाह भवन के आसपास का खाली क्षेत्र भर गया।

इसकी सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी राधेश्याम पांडेय मातहत हसनैन अंसारी और पुलिस बल के जवानों के साथ झारखंडधाम पहुंचे। थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस जवानों ने घूम घूमकर विवाह कराने वालों को खदेड़ा। पुलिस के डर से कई जोड़े चुपचाप खिसक गए। कुछ रस्म पूरी करने तक के लिए आरजू विनती करते देखे गए। कई जोड़े मास्क लगाकर सात फेरे लगाते देखे गये।

थाना प्रभारी ने कहा कि झारखंडधाम में किसी भी कीमत पर भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। नियम का उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर होगी। स्थिति के मद्देनजर उन्‍होंने झारखंडधाम के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग वरीय अधिकारियों से की। उन्‍होंने कहा कि भीड़ लगाकर शादी करने वालों या ऊंची आवाज में गाना बजाने, अश्लील गाना बजाने वाले डीजे संचालकों पर कार्रवाई की जायेगी।