लव जिहाद को संरक्षण और समर्थन दे रही झारखंड सरकार : डॉ वाजपेयी

राजनीति झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद, मुख्य सचेतक और प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि झारखंड को मोदी सरकार ने कई सौगातें दी है। खूंटी कोर्ट परिसर में सोलर पावर प्लांट लगाए गए। सौर ऊर्जा से संचालित होने वाला खूंटी देश का पहला व्यवहार न्यायालय बना। वर्ष, 2015 में प्रधानमंत्री ने दुमका से मुद्रा योजना की लॉन्चिंग की थी। वर्ष, 2019 में 19 एकड़ में फैले नई विधानसभा का भवन का उद्घाटन किया। वह सोमवार को मीडिया से बात कर रहे थे।

डॉ वाजपेयी ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ केयर योजना आयुष्मान भारत 14 अप्रैल, 2018 को झारखंड से प्रारंभ की गई। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। झारखंड की नतिनी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश का पहला आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनाया। देवघर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, एम्स, आवासीय विद्यालय, खुदरा व्यापारी और स्वरोजगार पेंशन योजना का भी शुभारंभ झारखंड से ही किया गया।

डॉ वाजपेयी ने कहा कि भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार ने बहुत ऐसी योजनाएं चलाई थी, जिससे महिला और छात्र-छात्राओं के स्वालंबन के मार्ग प्रशस्त हो रहे थे। झारखंड की वर्तमान भ्रष्टाचार सरकार ने कई ऐसी योजनाओं को बंद कर दिया। महिलाओं के नाम 1 रुपये में 50 लाख तक की रजिस्ट्री योजना बंद हो गई है।

डॉ बाजपेई ने कहा कि हेमंत सरकार के साढ़े तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। जनता बदहाल और भ्रष्टाचारी मालामाल हैं। लगातार यहां के अफसर जेल जा रहे हैं। झारखंड ऐसा पहला राज्य बना, जहां का मुख्यमंत्री खुद अपनी कलम से अपनी पत्नी और भाई के नाम खनन पट्टा स्वीकृत करता है। सरकारी रिकॉर्ड में 5000 से अधिक हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं हुई हैं। इसमें अधिकतर जनजातीय समाज से आते हैं। बेटियां असुरक्षित हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि राज्य में लव जिहाद को संरक्षण और समर्थन देने से राज्य में कई घटनाएं हुई है। उसका सबसे बड़ा उदाहरण दुमका जिले में अंकिता को पेट्रोल छिड़ककर जलाना है। केंद्र सरकार की योजनाओं को अवरुद्ध किया जा रहा है। सरकार के क्रूर रवैये से जनता में आक्रोश है। जब जब जनता सड़क पर उतरी है, उसे भाजपा के कार्यकर्ता बताकर उसे ढंकने का कार्य किया गया है। यदि सरकार में हिम्मत है तो इसकी जांच करा ले। रोजगार पाए और बेरोजगार युवा सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, परंतु सरकार के लोग अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

डॉ वाजपेयी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के मामले को अनावश्यक कारणों से रोक कर रखा गया है। वह जानते हैं कि यदि नेता प्रतिपक्ष की घोषणा हो गई तो विपक्ष को रोकना असंभव हो जाएगा। भाजपा जनता के बीच संवैधानिक तरीके से सभी मुद्दों पर सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी। इस अत्याचारी, भ्रष्टाचारी सरकार से 2024 में जनता को निजात दिलाएंगे। यह एक एक कार्यकर्ता संकल्प ले चुका है।

सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि झारखंड सरकार के लोगों को भाजपा पर आरोप गठन करने से पहले जांच करा लेनी चाहिए। जनता को गुमराह करना सरकार का मुख्य एजेंडा बन चुका है। पूरे राज्य में सरकार अपने संरक्षण में भ्रष्‍टाचार करा रही है। इसलिए आज अफसर भी जनता के काम और विकास कार्य को नजरअंदाज कर रहे हैं।

मौके पर जिलाध्यक्ष मनीर उरांव, महा जनसंपर्क अभियान संयोजक राजकिशोर महतो, चंद्रशेखर अग्रवाल, जिला महामंत्री राजकुमार वर्मा, विकास यात्रा कार्यक्रम जिला संयोजक सह जिला मीडिया प्रभारी पशुपतिनाथ पारस, उपाध्यक्ष सूरज मोहन साहू उपस्थित थे।