डीएवी गांधीनगर के प्राचार्य एसके सिन्‍हा को मिला एक्‍सटेंशन

झारखंड
Spread the love

रांची। डीएवी प्रबंधन ने डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर के प्राचार्य एसके सिन्हा के कार्यकाल की अवधि का विस्तार किया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें डीएवी पब्लिक स्कूल्स के निदेशक जेपी सूर ने एसके सिन्हा को अवधि के विस्तार का पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर निदेशक ने नीट की परीक्षा में सफल छात्रों एवं उनके माता-पिता को सम्मानित किया। साथ ही, डीएवी पब्लिक स्कूल्स प्रक्षेत्र डी के विभिन्न स्कूलों की शैक्षणिक प्रगति की पत्रिका का विमोचन किया।

अपने वक्तव्य में सूर ने प्राचार्य सिन्हा की डीएवी संस्था के प्रति सेवाभाव, श्रद्धा, उद्यमशीलता, कर्म के प्रति जुनून की सराहना की। इनकी कर्मठता और सेवा के  कारण ही डीएवी संस्थाओं का सर्वश्रेष्ठ अवॉर्ड्स महात्मा हंसराज अवार्ड भी इनको प्रदान किया गया था। संस्था को ऐसे कर्मठ, ईमानदार और मेहनती व्यक्ति की  आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जीरो लेवल से काम करने वाला व्यक्ति ही उत्कृष्ट कार्यकर्ता होता है। जीवन में सफलता प्राप्त करता है।

निदेशक ने कहा कि शिक्षक का कार्य केवल विद्यालय में आकर अध्यापन करना और वेतन लेना नहीं होता। एक शिक्षक को अपने क्रियाकलापों का उचित मूल्यांकन भी करना चाहिए। शिक्षकों को अपने कर्मों को सम्मान की दृष्टि से देखना चाहिए। परिश्रम के बाद प्राप्त सफलता जीवन को उल्लास देती है। दूसरों को खुशियों को हमें उत्सव के रूप में लेना चाहिए।

कार्यक्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल्स प्रक्षेत्र ए के उप क्षेत्रीय पदाधिकारी ओपी मिश्रा, प्रक्षेत्र बी के एमके सिन्हा, डी की क्षेत्रीय उप पदाधिकारी डॉ उर्मिला सिंह, प्रक्षेत्र  सी और जी के उप क्षेत्रीय पदाधिकारी अरुण कुमार, प्रक्षेत्र एच के उप शिक्षा पदाधिकारी पी हाजरा उपस्थित थे।

इसके अलावे डीएवी हेहल के प्राचार्य एसके मिश्रा, बरियातू के प्राचार्य बीके पांडेय, नीरजा सहाय की प्राचार्या किरण यादव, एसआर डीएवी के प्राचार्य एसके मिश्रा भी मौजूद थे। इसके पहले अतिथियों का एनसीसी के विद्यार्थियों के साथ छात्र-छात्राओं ने झारखंड के गीतों से पारंपरिक स्वागत किया। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

डॉ उर्मिला सिंह ने अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निराकार आचार्य, ब्रजेशजी सिन्हा, जया जायसवाल, केके प्रसाद, पीके सहाय, कुंदन कुमार, बीके पांडेय आदि की भूमिका रही।