नई दिल्ली। कोल इंडिया (Coal India) को कामगारों के लिए जल्द ट्रांफसर पॉलिसी बनाने का निर्देश दिया गया है। अफसरों की ट्रांसफर पॉलिसी को अक्षरश: लागू किया जाना है। उक्त निर्देश कोल इंडिया चेयरमैन को कोयला मंत्रालय ने दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक कोल इंडिया ने 18 अप्रैल, 2023 को ई मेल के माध्यम से कर्मियों की ट्रांसफर पॉलिसी के बारे में सूचना दी है। केंद्रीय कोयला मंत्री के कार्यालय में इसकी जांच के बाद पाए गए तथ्य के आधार पर चेयरमैन को सूचित करने का निर्देश दिया गया। इस आलोक में मंत्रालय के अवर सचिव आलोक वर्मा ने 12 जून, 2023 को चेयरमैन को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि जांच के बाद यह पता चला है कि कोल इंडिया की मौजूदा स्थानांतरण नीति केवल अधिकारियों के लिए है। यह नीति पूरी तरह से अनुपालन नहीं किया जा रहा है। कामगारों (नन एग्जीक्यूटिव) के लिए कोल इंडिया की कोई स्थानांतरण नीति नहीं है।
उपरोक्त के मद्देनजर कार्य में दक्षता बनाए रखने के लिए कामगारों के संबंध में स्थानांतरण नीति जल्द से जल्द बनाई जाए।
अधिकारियों के लिए स्थानांतरण नीति को अक्षरशः बनाए रखा जाना चाहिए। नीति के अनुपालन में जल्द से जल्द ट्रांसफर और पोस्टिंग की जानी चाहिए। विशेष रूप से उन कर्मचारियों के संबंध में जो एक कंपनी, स्टेशन, कार्यालय, संवेदनशील पदों में पोस्टिंग की अवधि पार कर चुके हैं।
स्थानांतरण नीति को लेकर दिए गए निर्देश के आलोक में अनुपालन रिपोर्ट की मांग भी की गई है। रिपोर्ट समन्वय प्रभाग को भेजने को कहा गया है।