JHARKHAND: चतरा में स्कूली छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या

झारखंड
Spread the love

चतरा। झारखंड के चतरा के लावालोंग थाना क्षेत्र के जंगल से एक लड़की का शव मिला है। उसकी उम्र 17 वर्ष के आसपास है। वह कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में 11वीं में पढ़ती थी। वह छुट्टियों में घर आई थी। लड़की गुरुवार को महुआ चुनने जंगल गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।

लड़की के परिजन उसे ढूंढने के लिए जंगल की ओर गए, जहां जंगल में एक जगह उसका थैला और बिखरा हुआ डोरही का फल मिला। वहां पर परिजनों को खून के कुछ धब्बे भी दिखे। आसपास ठीक से खोजने के दौरान छात्रा का शव झाड़ी में पत्तों में खून से सना हुआ मिला।

आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद लड़की हत्या कर दी गई होगी। सबूत मिटाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचलने का भी प्रयास किया गया है।

छात्रा का शव मिलने पर इसकी सूचना घरवालों ने स्थानीय थाना प्रभारी बमबम कुमार को दी। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के निर्देश पर थाना प्रभारी और एएसआई रोहित कुमार मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।