मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल इन जिलों के युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल यानी 22 जून को युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे। वह मोरहाबादी मैदान में राज्य के पांच प्रमुख विभागों पंचायती राज, राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग व वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग में युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

पंचायती राज विभाग और जिला प्रशासन समारोह की तैयारी कर रहा है। पंचायती राज विभाग में जिला स्तरीय नियुक्ति होनी है, जबकि अन्य विभागों में राज्य स्तरीय नियुक्तियां की जाएंगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से अनुशंसित नवनियुक्त 1633 पंचायत सचिवों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा।

रैंकिंग के अनुसार नियुक्ति पत्र वितरित किया जायेगा। इसके अलावा वित्त विभाग में कोषागार पदाधिकारी और निम्नवर्गीय लिपिक की नियुक्ति होगी। अन्य विभागों में भी नौकरी दी जायेगी।

सबसे कम नियुक्ति पत्र खाद्य आपूर्ति विभाग में 35 लोगों के बीच वितरित किया जायेगा। भू-राजस्व में लगभग 750, वित्त में 150 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेगा। कुल 2500 से अधिक पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जायेगा।

पंचायती राज विभाग के सचिव राजीव अरुण एक्का ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है। सचिव ने कहा कि वे सुनिश्चित कराएं कि 22 जून को सारे पंचायत सचिव समारोह स्थल में उपस्थित हों। इससे पूर्व सारी कागजी प्रक्रिया भी पूर्ण करने को कहा गया है।

यहां बता दें कि 2017 में ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग से इनकी नियुक्ति की अनुशंसा की गयी थी, लेकिन कार्मिक विभाग के एक पत्र की वजह से नियुक्ति रुकी हुई थी। अब विभाग ने सरकार की अनुमति के बाद नियुक्ति पर लगी रोक को हटा दिया है। इसके बाद ही नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

जानें किस जिले में कितने युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र : गढ़वा-74, पलामू-74, लातेहार-29, चतरा- 62, हजारीबाग- 117, कोडरमा- 53, गिरिडीह- 121, देवघर- 52, गोड्डा- 80, साहेबगंज- 58, पाकुड़- 34, दुमका- 72, जामताड़ा- 39, धनबाद- 89, बोकारो- 152, रामगढ़- 94, लोहरदगा- 25, गुमला- 34, रांची- 81, सिमडेगा- 22, प.सिंहभूम- 82, सरायकेला-खरसावां- 47, पूर्वी सिंहभूम- 109