बालासोर ट्रेन एक्‍सीडेंट : इस दिन तक चालू हो जाएगा रूट

अन्य राज्य देश
Spread the love

ओडिशा। ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद राहत और बचाव के साथ-साथ ट्रैक की मरम्‍मत का काम भी तेजी से चल रहा है। इस रूट को सामान्‍य बनाने की कोशिश तेजी से हो रही है। केंद्रीय रेल मंत्री ने दुर्घटनास्‍थल पर चल रहे मरम्‍मत कार्य का जायजा लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण 4 जून की सुबह किया किया। उन्‍होंने कहा कि कल प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों पर तेजी से काम चल रहा है। कल रात एक ट्रैक काम लगभग पूरा हो गया।

रेल मंत्री ने बताया कि आज एक ट्रैक की पूरी मरम्मत करने की कोशिश रहेगी। सभी डिब्बों को हटा दिया गया है। शवों को निकाल लिया गया है। कार्य तेजी से चल रहा है। कोशिश है कि‍ बुधवार की सुबह तक सामान्य रूट चालू हो जाए।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो गया है। रेलवे की टीम ने पूरी रात काम किया है। मृतकों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाने का काम जारी है। घटनास्थल कोलकाता-चेन्नई मेन लाइन का हिस्सा है। काफी ट्रेनों के रूट को बदला गया है और कई बंद हैं।

बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने में 1000 से ज्यादा लोग लगे हुए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के CPRO आदित्य कुमार चौधरी ने कहा कि हम जल्द से जल्द कार्य खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां 4-5 डिविजन और 2-3 ज़ोन की टीम काम कर रही है। रेलवे के सारे अधिकारी मौजूद हैं। अभी तक मृतकों की संख्या 288 है।

पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी बालासोर के उस स्थान पर पहुँचे जहां भीषण ट्रेन हादसा हुआ था। उन्‍होंने कहा कि घटना के बाद जो भी कार्य होने चाहिए वो हो रहे हैं। मैं ऐसा नहीं कहूंगा कि कोशिश नहीं की जा रही है। बिल्कुल कोशिश की जा रही है। मैं राहत टीमों की सराहना करना चाहता हूं। ये सारे कार्य घटना घटने के बाद हो रहे हैं। इस तरीके की तत्परता अगर घटना के पहले होती तो शायद हमें ये हादसा देखने को नहीं मिलता।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के घायलों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेने के लिए भुवनेश्वर पहुंचे।