बालासोर ट्रेन हादसे में अब तक 288 की मौत, कल जाएगी झारखंड की टीम

झारखंड
Spread the love

रांची। ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्‍या 288 तक पहुंच गई है। कई यात्रियों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। झारखंड की टीम 4 जून को ओडिशा जाएगी। वहां राज्‍य के घायल यात्रियों से मुलाकात करेगी।

ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। आखिरी बोगी का ऑपरेशन शुरू हो गया है। अभी तक मरने वालों की संख्या लगभग 288 हो चुकी है। 800 घायलों का इलाज चल रहा है।

ओडिशा के स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अनुसार 1,175 मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 793 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। 382 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। अन्य सभी की हालत स्थिर है।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार के अधिकारियों और डॉक्टर की एक टीम कल सुबह हेलीकॉप्टर से ओडिशा के लिए रवाना होगी। ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के यात्रियों से मुलाकात कर टीम द्वारा उन्हें हरसंभव मदद प्रदान किया जाएगा। हादसे में घायल हुए यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए भी जरूरी सभी सहायता प्रदान की जाएगी।