पुर्तगाल में होने वाले ग्लोबल फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे मुजफ्फरपुर के शिक्षक अभिषेक कुमार

बिहार देश
Spread the love

पटना। आगा खान फाउंडेशन एवं पुर्तगाल सरकार के तत्वावधान में पुर्तगाल के पोर्टो शहर में ग्‍लोबल फोरम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 से 9 जून तक होगा। इसमें भारत का प्रतिनिधित्‍व बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् के राज्‍य परियोजना निदेशक बी धनजी कार्तिकेय और मुजफ्फरपुर के शिक्षक अभिषेक कुमार करेंगे।

अभिषेक मुजफ्फरपुर के मुरौल प्रखंड के बखरी स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में प्राथमिक शिक्षक हैं। ग्‍लोबल फोरम में वे अन्य वैश्विक शिक्षाविद और नीति निर्माताओं के साथ अपने अनुभव का आदान-प्रदान करेंगे। आगा खान फाउंडेशन द्वारा संचालित स्कूल 2030 कार्यक्रम के अंतर्गत ग्‍लोबल फोरम का आयोजन किया जा रहा है।

आगा खान फाउंडेशन के कार्यक्रम पदाधिकारी सह स्कूल 2030 कार्यक्रम के राष्ट्रीय समन्वयक कुलदीप गर्ग के अनुसार यह दस वर्षीय साझा शिक्षा सुधार कार्यक्रम है। इसे भारत, ब्राजील, केन्या, किर्गिस्तान, पुर्तगाल, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, अफगानिस्तान, तंजानिया और युगांडा के 1,000 सरकारी स्कूलों में संचालित किया जा रहा है।

भारत में यह कार्यक्रम बिहार के पटना, सारण, भोजपुर, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के 100 सरकारी स्कूलों में संचालित हो रहा है।

हर साल कार्यक्रम संचालित देशों में से किसी एक में स्कूल 2030 कार्यक्रम द्वारा ग्लोबल फोरम का आयोजन किया जाता है। फोरम का उद्देश्य वैश्विक, राष्ट्रीय और स्थानीय शिक्षा व्यवस्था में काम कर रहे अधिकारी, नीति-निर्माता और शिक्षकों को एक साथ लाना है, ताकि सामूहिक रूप से विचार-विमर्श किया जा सके।

इसमें यह चर्चा की जाती है कि कैसे स्कूल 2030 कार्यक्रम का तीन-चरणीय मॉडल- आकलन, नवाचार, शोकेस – स्कूल के माध्यम से बेहतर समता और समावेशन और कक्षा-आधारित समग्र शिक्षण नवाचार, साक्ष्य जुटाने और शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने का काम कर रहा है?

मुजफ्फरपुर जिले का राजकीय बुनियादी विद्यालय बखरी के शिक्षक सह टीचर्स ऑफ बिहार के डिस्ट्रिक्ट मेंटर केशव कुमार ने कहा कि शिक्षक अभिषेक कुमार का ग्लोबल फोरम में देश का प्रतिनिधित्व करना विद्यालय परिवार ही नहीं पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। विद्यालय परिवार की इस उपलब्धि पर टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार ने भी अभिषेक कुमार को बधाई दी है।

उक्त जानकारी टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय ठाकुर ने संयुक्त रूप से दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *