JHARKHAND: रांची पुलिस तीन दिनों तक हाई अलर्ट पर, जानें ये बड़ी वजह

झारखंड
Spread the love

रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिनी झारखंड दौरे पर 24 मई को आ राजधानी रांची पहुंच रही हैं। इसको लेकर तीन दिनों 24 से 26 मई तक रांची पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी। कारण, देवघर, रांची और खूंटी के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति का प्रवास रांची स्थित राजभवन रहेगा। इस वजह से रांची पुलिस हाईअलर्ट पर रहेगी।

बता दें कि राष्ट्रपति रांची में हाइकोर्ट के नये भवन के उदघाटन समारोह और नामकुम स्थित आइआइटी के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इन दोनों जगहों की सुरक्षा के अलावा रांची एयरपोर्ट से राजभवन और राजभवन से नामकुम आदि जगहों पर उनके जाने वाले रास्ते में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने रांची पुलिस को 2500 अतिरिक्त बल दिये हैं।

इसी तरह देवघर एयरपोर्ट से बाबा मंदिर तक जाने और फिर वापस देवघर एयरपोर्ट लौटने तक वहां पर सुरक्षा को लेकर दो हजार अतिरिक्त बलों की तैनाती की गयी है। खूंटी में भी महिला समूहों के कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए वहां पर भी पुलिस मुख्यालय ने 800 अतिरिक्त फोर्स दिये गये हैं। इसके अलावा संबंधित जिला पुलिस अपने भी बलों को इस्तेमाल करेगी।

वहीं, इन सबसे अलग ट्रैफिक फोर्स की भी तैनाती रहेगी। रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक सुरक्षा के मद्देनजर बहुमंजिली इमारतों पर भी सशस्त्र जवानों की तैनाती आगमन के दौरान रहेगी। राष्ट्रपति के आगमन के पूर्व मंगलवार को पूरे रास्ते में मॉक ड्रिल प्रशासन द्वारा किया जायेगा।

डॉग स्कवायड और बम निरोधक दस्ता का उपयोग भी कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन द्वारा किया जायेगा। सादी वर्दी में भी अधिकारियों की तैनाती रहेगी। खुफिया विभाग के अफसरों को भी जगह-जगह तैनात किया जायेगा।