अंबेडकर जयंती पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता : सुपर जायंट्स जीता

झारखंड खेल
Spread the love

रांची। बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर क्रीड़ा भारती, रांची महानगर ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सरना टोली हातमा में 14 अप्रैल को किया। मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्य पाहन जगलाल पाहन, विशिष्ट अतिथि के भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अर्जुन राम, डॉ अटल पाण्डेय, क्रीड़ा भारती झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष मुनचुन राय, युवा प्रमुख मोनू शुक्ला, योग प्रमुख राफिया नाज, महानगर अध्यक्ष रवि मुंडा थे।

उन्‍होंने सामूहिक रूप से भगवान बजरंग बली, भारत माता और बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। वॉलीबॉल को हिट मारकर मैच का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि जगलाल पाहन ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। हर युवा में प्रतिभा की कमी नहीं है। आज बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर यह खेल प्रतियोगिता हमें आपस में मिलजुल कर और अनुशासन में रहना सिखाती है। एक टीम में कई खिलाड़ी होते हैं। यहां पर भी कोई भी जातिभेद या ऊंच-नीच का नहीं रहता है। सभी एकजुट होकर टीम भावना से मैच खेलते हैं। हम खेल मैदान पर जिस तरह से एकजुट रहते हैं। इसी तरह समाज में भी एकजुट रहकर बाबासाहेब के सपनों को साकार कर सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि अर्जुन राम ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डाला। कहा कि बाबासाहेब समाज के हर वर्ग को एक साथ लेकर चलने की बात करते थे। आज भी समाज में कई ऐसे लोग हैं, जो अपने निजी फायदे या राजनीतिक फायदे के लिए हम लोगों को आपस में लड़ाने का काम करते हैं। हालांकि जब हम एकजुट होकर रहेंगे, तब बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष मुनचुन राय ने बाबासाहेब को नमन कर  बताया की खेल भावना युवाओं में आएगी तो सभी अनुशासित रहेंगे, एकजुट रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रवी मुंडा ने युवा खिलाडियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने आपको निखारने का हुनर बाबा साहेब से सीख सकतें हैं।

प्रतियोगिता में मुंडा वॉरियर्स और सुपर जायंट्स के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने कड़ी मेहनत की। सुपर जायंट्स ने जीत दर्ज की।

कार्यक्रम को डॉ अटल पाण्डेय, मोनु शुक्ला, राफिया नाज ने भी संबोधित किया। संचालन गौरव अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कौशल चौधरी, नीलमनी राय, प्रेम सिंह ने महती भूमिका निभाई।