सउदी अरब से 72 दिन के बाद आया मजदूर का शव, गांव में मातम

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। सउदी अरब से 72 दिनों के बाद मृत मजदूर का शव शनिवार की रात गढ़वा जिले का कांडी पहुंचा। शव घर पहुंचते ही पत्नी दुर्गावती और तीन बच्चे दहाड़ मारकर रोने लगे। उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था। पूरे गांव में मातम छा गया। लोगों का हुजूम भी उमड़ पड़ा। रविवार को सोन नदी के तट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के मुताबिक सुरेश मेहता सउदी अरब में मजदूरी करने गया था। उसकी 22 जनवरी को मृत्‍यु हो गई थी। कंपनी ने मेल कर परिजनों को इसकी सूचना दी थी। मौत का कारण हर्ट अटैक बताया था। सुदेश अपने पीछे पत्नी दुर्गावती, पुत्री काजल, पुत्र विशाल व शिवराज को छोड़ गया। वह घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।

सुदेश परिजनों के भरण-पोषण और बिटिया काजल की शादी करने के लिए काम करने विदेश गया था। मृत्‍यु के बाद उसका शव मंगाने के लिए मृतक के भाई ने मुख्यमंत्री और उनके सचिव से मदद की गुहार लगाई थी। वहां से श्रम विभाग के हवाले से सऊदी अरब की सरकार और सुरेश की नियोक्ता कंपनी से बात करके पूरे मामले को लाइनअप किया गया।

बताया जाता है कि मृतक सुरेश का शव सऊदी अरब से 30 मार्च को हवाई मार्ग से मुंबई पहुंचा। मुंबई से हवाई मार्ग से ही पटना लाया गया। पटना से सरकारी एंबुलेंस द्वारा मृतक के घर कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के भिलमा गांव तक लाया गया। पटना हवाई अड्डा पर शव को लाने घर से भाई व अन्य परिजन गए थे।

मृतक के अंतिम संस्कार में जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, पंचायत मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार मेहता, भाजपा नेता विनोद प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।