पक्का मकान और चार पहिया गाड़ी वाला परिवार उठा रहा था दो अन्त्योदय राशन कार्ड का लाभ, फंसा

झारखंड
Spread the love

  • जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने नोटिस जारी कर 2 मई को पक्ष रखने को कहा

रांची। परिवार के पास पक्‍का मकान और 2 चार प‍हिया गाड़ी है। राशन कार्डधारी के दो पुत्र सरकारी सेवा में हैं। इसके बाद भी वह दो अन्त्योदय राशन कार्ड का लाभ उठा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर रांची जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उसे नोटिस जारी किया है।

एक ही परिवार में अवैध रूप से दो अंत्योदय (पीला) राशन कार्ड का लाभ उठानेवाले कार्डधारी को रांची जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने नोटिस जारी किया है। राहे प्रखंड के ग्राम सीमर टांड (कोलमा), लोवाहातु निवासी फागु महतो (पिता स्व. हरिया महतो) को नोटिस जारी कर 2 मई, 2023 को कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।

फागु महतो के पास अन्त्योदय राशन कार्ड (संख्या 202004854029) है। परिवार के एक और सदस्य अभिराम महतो के नाम से भी अंत्योदय राशन कार्ड (संख्या 202004853748) है। फागु महतो के दो पुत्र झारखंड पुलिस में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। परिवार में 2 चार पहिया वाहन है। एक मंजिला पक्का मकान भी है।

अहर्त्ता नहीं होने के बावजूद विगत कई वर्षों से सरकार द्वारा एनएफएसए/ पीएमजीकेवाई के लिए आवंटित राशन सामग्री का उठाव किया जा रहा है, जो झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2017 की धारा 7 के विरूद्ध है। प्राप्त किये गये खाद्यान्न की राशि वसूलने और प्राथमिकी दर्ज करने का प्रावधान के अंतर्गत आता है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दोनों अन्त्योदय राशन कार्ड धारित रखने के आरोप में 2.5.2023 को निश्चित रूप से उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।