Ranchi : अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम को लेकर बड़ा एक्‍शन, देखें वीडियो

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • ओरमांझी, बुढ़मू, नगड़ी और बुंडू क्षेत्र में की गयी कार्रवाई, 15 गिरफ्तार
  • कई वाहनों और मशीनों को किया गया जब्त, थाने में कराई गई प्राथमिकी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। रांची अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर 29 अप्रैल, 2023 को छापामारी अभियान चलाया गया। ओरमांझी, बुढ़मू, नगड़ी और बुंडू क्षेत्र में की गयी कारवाई में अवैध खनन एवं भंडारण में शामिल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कई वाहनों को भी जब्त भी किया गया है।

प्राथमिकी भी दर्ज की गई

रांची सदर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में रांची जिला खनन पदाधिकारी, ओरमांझी अंचल अधिकारी, खान निरीक्षक, ओरमांझी थाना पुलिस बल एवं जिला स्तर क्यूआरटी पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। इसके तहत ओरमांझी थाना अंतर्गत अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए छापामारी की गई। छापेमारी के दौरान अवैध खनन, भंडारण में शामिल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अवैध परिवहन में संलिप्त 7 वाहनों/मशीनों को जब्त भी किया गया। जब्त वाहनों को ओरमांझी थाना को सुपुर्द करते हुए प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

खनिज भंडारण में गड़बड़ी

ओरमांझी अंचल अंतर्गत पत्थर खनिज के संचालित लाईसेंस में 11 खनिज भंडारण की मापी की गयी है। जांच के दौरान पायी गयी अनियमितता के बाबत शोकॉज किया गया है।

बुढ़मू में चला अभियान

रांची सहायक खनन पदाधिकारी, बुढ़मू अंचल अधिकारी, बुढ़मू थाना पुलिस बल एवं सशस्त्र पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से बुढ़मू थाना अंतर्गत अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम को लेकर छापामारी अभियान चलाया गया। मौजा छापर अंतर्गत 40 हजार घनफीट बालू स्टॉक पाया गया। इसे जब्त कर बुढ़मू थाना को नीलामी की अग्रतर कार्रवाई के लिए सुरक्षार्थ सुर्पुद किया गया है। छापामारी के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा (1250 घनफीट स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 हाईवा (600 घनफीट बालू लदा हुआ) और 2 ट्रैक्टर (200 घनफीट बालू लदा हुआ) को जब्त कर बुढ़मू थाना को सुपुर्द करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नगड़ी थाना में प्राथमिकी

नगड़ी अंचल अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मु०), नगड़ी थाना प्रभारी एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से नगड़ी थाना अंतर्गत अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा (स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 टर्बो (स्टोन चिप्स लदा हुआ), 1 हाईवा (बालू लदा हुआ) को जब्त कर नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अवैध बालू स्टॉक जब्त

बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में बुंडू और सोनाहातु अंचल अधिकारी एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से बुंडू एवं सोनाहातु थाना छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बुंडू थाना अंतर्गत 2 ट्रैक्टर (ईंट एवं बालू लदा हुआ) को जब्त करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। सोनाहातु थाना अंतर्गत मौजा वनडीह में 30 हजार घनफीट अवैध बालू स्टॉक एवं मौजा जाडियामोड़ में 15 हजार घनफीट अवैध बालू स्टॉक को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है।