फिरायालाल पब्लिक स्कूल में 65 इंच की एलईडी टच स्क्रीन से शुरू हुई पढ़ाई

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित फिरायालाल पब्लिक स्कूल में 65 इंच की 4K एलईडी टच स्क्रीन के माध्‍यम से पढ़ाई शुरू हुई। नर्सरी से बारहवीं कक्षा तक के सभी क्लास रूम में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह जानकारी प्राचार्य नीरज कुमार सिन्हा ने दी।

प्राचार्य ने कहा कि ज्ञान और तकनीक के उन्नत सामंजस्य से यहां के बच्चे अब और भी नई ऊंचाईयों को छू सकेंगे। सभी क्लास रूम में लगे स्मार्ट लर्निंग स्क्रीन से पूरी दुनिया की नवीनतम जानकारी इन्हें अब एक क्लिक पर मिलेगी। कोरोना काल में ही विद्यालय प्रबंधन समिति और मैंने यह महसूस किया कि स्क्रीन पर आते ऑडियो-वीडियो को शिक्षण से जोड़ने से बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ती है। रिजल्ट भी बहुत अच्छा आता है।

प्राचार्य ने कहा कि इसके मद्देनजर सभी क्लास रूम में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। वैसे तो कोरोना काल से ही ऑनलाईन शिक्षण में यहां के शिक्षक की शिक्षण पद्धति उच्चस्तरीय रही है। इसके बावजूद स्मार्ट लर्निंग एजुकेशन के लिए यहां के शिक्षकों को विशेष ट्रेनिंग दी गई है, ताकि वे विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कन्टेंट और क्वालिटी का उचित एवं अभिनव प्रयोग कर सकें। ब्लैक बोर्ड के स्थान पर बड़े स्क्रीन पर पढ़ाई, वाई फाई की सहायता से अपडेटेड जानकारी के साथ साथ ज्ञानवर्धक, मनोरंजक और दिलचस्प भी होने वाली है।

विद्यालय प्रबंधन के चेयरमैन विपुल मुंजाल ने कहा कि हमेशा से ही यहां के विद्यार्थियों के लिए नित नए शिक्षण के आयाम स्थापित करते आ रहें हैं। इस दिशा में यह स्मार्ट लर्निंग स्क्रीन अभूतपूर्व है। निश्चित ही इससे यहां के विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परिणाम मिलेंगे।