जल संरक्षण और स्वच्छता में बेहतर कार्य के लिए महिला जनप्रतिनिधियों को CM ने किया सम्‍मानित

झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री (CM) हेमन्त सोरेन ने जल जीवन मिशन, जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान करने के लिए महिला जनप्रतिनिधियों को सम्‍मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। उसे सराहा। इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर भी मौजूद थे।

इन्‍हें किया सम्‍मानित

  • रांची जिला के कांके प्रखंड की पिथोरिया पंचायत की मुखिया श्रीमती मुन्नी देवी।
  • कोडरमा जिले के मरकच्चो पंचायत समिति की सदस्य श्रीमती पार्वती देवी।
  • कोडरमा जिले से मरकच्चो प्रखंड स्थित अरकोचा पंचायत की वार्ड सदस्य पूजा देवी।
  • कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड की लक्ष्मीपुर पंचायत की श्रीमती पार्वती देवी

दूसरों को जागरूक और प्रेरित करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल के बिना जिंदगी की कल्पना नहीं की जा सकती है। ऐसे में जल संरक्षण आज की नितांत जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप जल संरक्षण और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए अभियान चलाएं। दूसरों को इससे जोडें, क्योंकि, सामूहिक प्रयास से ही इसमें कामयाबी हासिल कर सकते हैं।

राष्ट्रपति कर चुकी हैं सम्मानित

ज्ञात हो कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 4 मार्च 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन्हें सम्मानित किया था। इस कार्यक्रम में श्रीमती मुन्नी देवी झारखंड की एकमात्र मुखिया थी, जिन्हें स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान -2023 से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के सफल संचालन एवं रखरखाव के लिए मिला था।

श्रीमती पार्वती देवी को जल शक्ति अभियान के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने सम्मानित किया था। जबकि, श्रीमती पूजा देवी को ओडीएफ प्लस (स्वच्छता) के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मान मिला था।

कार्यक्रम में ये भी थे मौजूद

इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव मनीष रंजन, मुख्य अभियंता संजय कुमार झा, विशेष सचिव राजीव रंजन, संयुक्त सचिव पीएन मिश्रा, कार्यपालक अभियंता अनिल गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।