बीएयू के सात विद्यार्थियों का प्रदान संस्था में चयन

झारखंड रोजगार
Spread the love

रांची। प्रोफेशनल असिस्टेंस फॉर डेवलपमेंट एक्शन (प्रदान) संस्था ने बीएयू प्लेसमेंट सेल के सहयोग से कृषि संकाय में कैंपस प्लेसमेंट अभियान चलाया। इसमें कृषि संकाय के रांची कृषि महाविद्यालय (कांके), कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय (कांके) और उद्यान महाविद्यालय (खूंटपानी, चाईबासा) के कुल 139 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

आरएसी प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ एचसी लाल ने बताया कि प्रदान संस्था द्वारा यह अभियान तीन चरणों में पूरा किया गया। चयन प्रक्रिया की लिखित परीक्षा में 139 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा में 40 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किये गये। सफल विद्यार्थियों का 5 ग्रुप में समूह चर्चा का आयोजन किया गया। समूह चर्चा में 14 विद्यार्थी सफल हुए। इनमें से 7 छात्रों का चयन प्रदान ने किया।

बीएयू प्लेसमेंट प्रभारी डॉ बीके झा ने बताया कि सभी 7 छात्रों का चयन प्रदान के डेवलपमेंट अपरेंटिसशिप प्रोग्राम (डीएशिप) के तहत हुआ है। चयनित छात्रों में कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अभ्यया भारती, आशुतोष, ज्योति एवं रुपाली गुप्ता, उद्यान महाविद्यालय की आरती शर्मा एवं दीपशिखा गुप्ता और रांची कृषि महाविद्यालय के इंदु हांसदा शामिल हैं।

दीपशिखा गुप्ता ने बताया कि सभी सफल छात्रों को प्रदान के डीएशिप प्रोग्राम के तहत आवंटित राज्य में एक वर्ष का ट्रेनिंग मिलेगी। इस दौरान उन्हें 32 हजार मानदेय दिया जायेगा। एक वर्ष के सफल डीएशिप प्रोग्राम के उपरांत एग्जीक्यूटिव के पद पर 68 हजार प्रतिमाह वेतन मिलेगा। सभी सफल छात्रों को कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।