कांडी प्रखंड में उत्साह के साथ मनाई गई महाशिवरात्रि

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड में महाशिवरात्रि का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इसके लिए श्रद्धालुओं ने एक दिन पूर्व से ही तैयारी कर ली थी। प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ व पर्यटन स्थल में महाशिवरात्रि के लिए पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महिला व युवतियों ने स्नान कर थाली में रोड़ी, घी, सिंदूर, अगरबती, बेलपत्र व पूजा के अन्य सामग्री सजा कर पहुंचीं। विधिवत पूजा-अर्चना की।

इसी प्रकार विभिन्न गांवों में भी शिवालयों में पूजा की गई। घटहुआं कला, लमारी कला, हरिगावां, खुटहेरिया, राणाडीह, सरकोनी, अधौरा, मझिगावां सहित कई अन्य गांवों में भी महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

बता दें कि महाशिवरात्रि भारतीयों का एक प्रमुख त्योहार है। यह भगवान शिव का प्रमुख पर्व है। माघ फाल्गुन कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को यह पर्व मनाया जाता है। माना जाता है कि सृष्टि का प्रारम्भ इसी दिन से हुआ था।

पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन सृष्टि का आरम्भ अग्निलिंग के उदय से हुआ। इसी दिन भगवान शिव का विवाह देवी पार्वती के साथ हुआ था। महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव व देवी पार्वती की पूजा होती है। वर्ष में होने वाली 12 शिवरात्रियों में से महाशिवरात्रि को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर मझिगावां पंचायत स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर व चटनिया पंचायत में मेला का आयोजन किया गया। यहां हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई।