बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्‍ली भेजे गये लैंडमाइंस ब्लास्ट में घायल ये जवान

झारखंड
Spread the love

रांची। पश्चिमी सिंहभूम में हुए लैंडमाइंस ब्लास्ट में घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। सभी जवानों का इलाज मेडिका हॉस्पिटल में चल रहा था।

जानकारी हो कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के सारजोमबुरु के जंगल में पुलिस गुरुवार को सर्च ऑपरेशन चला रही थी। अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट हो गया। इसमें तीन जवान घायल हो गये।

घायल जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही थी। तीनों जवानों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेज दिया गया था। घायल जवानों में संतोष सिंह, सौरव कुमार और अमरेश सिंह शामिल हैं।

बताते चलें कि बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये सर्च आपरेशन के दौरान भी तुम्बाहाता के आगे इचाहातु में आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इसकी चपेट में आने से कोबरा बटालियन के 6 जवान घायल हुए थे। अभियान गुरुवार को भी चलाया जा रहा था।

बता दें कि टोंटो थाना क्षेत्र में माओवादियों के बड़े शीर्ष नेताओं के होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पिछले एक माह से सुरक्षा बलों की ओर से सघन अभियान चलाया जा रहा है।