BIHAR ; यहां नाबालिग कैदियों ने चाकू गोद के कर दी होमगार्ड जवान की हत्या, मचा हड़कंप

बिहार देश
Spread the love

छपरा। बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर बिहार के छपरा से आयी है, जहां रिमांड होम में तैनात होमगार्ड जवान चंद्र भूषण सिंह की हत्या नाबालिग कैदियों ने कर दी। आरोपियों ने चाकू से चंद्रभूषण सिंह को गोद दिया।

घटना उस वक्त हुई, जब आज सुबह चंद्र भूषण बाल कैदियों के हालात का जायजा लेने वार्ड के अंदर गए थे। इसी दौरान कुछ कैदियों ने उन्हें पकड़ लिया और पहले जमकर पिटाई की।

आरोप है कि नाबालिग कैदी इस कदर आक्रोशित थे कि उन्होंने चंद्रभूषण सिंह पर चाकू से हमला किया। एक के बाद कई बार चाकू से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त दो और होमगार्ड जवान भी मौजूद थे। उन्होंने किसी तरह चंद्र भूषण सिंह को कैदी वार्ड से बाहर निकाला। तुरंत ही वो उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई मंटू कुमार ने बताया कि उन्हें पुलिस कर्मियों की ओर से चंद्र भूषण सिंह के घायल होने की सूचना मिली। जिसके बाद वो तुरंत ही अस्पताल पहुंचे। हालांकि तब तक देर हो चुकी थी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है। इस मामले में मृतक के भाई मंटू सिंह ने पुलिसकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंजन कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले में जांच शुरू की। उन्होंने मीडिया के सामने कुछ भी कहने से इनकार किया। इस बीच एसपी गौरव मंगला भी रिमांड होम पहुंच गए और मामले की जांच शुरू की।

रिमांड होम में सीसीटीवी कैमरा भी खंगाला जा रहा। जिसमें कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिलने की उम्मीद है। हत्या किन कारणों से की गई इसका पता नहीं चल सका है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रिमांड होम में चाकू कहां से आया। ये प्रश्न इसलिए उठे, क्योंकि रिमांड होम में किसी तरह का हथियार लाना प्रतिबंधित है।