फिशरीज साइंस कॉलेज के छात्र ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित गुमला स्थित कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस के छात्र शिव कुमार यादव ने नेशनल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। प्रथम स्थान पर केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, त्रिपुरा का छात्र रहा। इसकी घोषणा वीरबैक कंपनी, नई दिल्ली ने शुक्रवार को की।

पशुपालन एवं मत्स्य चिकित्सा के दवा उत्पादन एवं शोध से जुड़ी वीरबैक कंपनी हर वर्ष पशु चिकित्सा विज्ञान से जुड़े छात्रों की मेधा जांच और छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए जोनल एवं नेशनल स्तर पर नेशनल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता आयोजि‍त करती है।

कॉलेज के एसोसिएट डीन डॉ एके सिंह ने बताया कि इस वर्ष मत्स्य उत्पादन, रोग नियंत्रण, उत्पाद एवं मूल्यवर्धन विषय पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जोनल स्तर की प्रतियोगिता में पूरे देश के फिशरीज साइंस कॉलेज के 42 छात्रों का चयन किया गया। इनमें नार्थ जोन से कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस के दो छात्र निधि पंडित एवं शिव कुमार यादव भी शामिल थे।

कंपनी द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता का फाइनल राउंड का आयोजन किया गया। इसमें शिव कुमार यादव ने द्वितीय स्थान हासिल कर कॉलेज एवं विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया। कंपनी द्वारा छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जायेगा। इससे छात्रों को सरकारी एवं प्राइवेट सेवा में प्राथमिकता मिलेगी।

शिव कुमार यादव की सफलता से कॉलेज के छात्र काफी उत्साहित है। कॉलेज के शिक्षकों ने इस सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त की है।

कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने कहा कि कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस के शिक्षक काफी मेहनती और छात्र-छात्राएं मेधावी हैं। यह कॉलेज अल्प समय में ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है, जो झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस सफलता पर विजेता छात्र, एसोसिएट डीन एवं शिक्षकों को बधाई दी।