फिरायालाल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव पर हुए कई कार्यक्रम

झारखंड शिक्षा
Spread the love

रांची। फिरायालाल पब्लिक स्कूल, रांची का 24वां वार्षिकोत्सव समारोह ‘द इमेजिनेरियम’ का आयोजन 17 दिसंबर को हुआ। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी और भारत के पांच राज्य (झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, जम्मू -कश्मीर और गोवा की सांस्कृतिक पहचान), प्राकृतिक शोभा, पहनावा, खानपान, ऐतिहासिक इमारतें को खूबसूरती से दर्शाया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्रम विभाग के संयुक्‍त सचि‍व अमित प्रकाश, विशिष्ट अतिथि स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अपर सचि‍व जय किशोर प्रसाद थे। इनके साथ ही विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, विद्यालय के संस्थापक हरीश मुंजाल, शिक्षा निदेशिका श्रीमती सुषमा मुंजाल, चेयरमैन विपुल मुंजाल, निदेशक ऋतुल मुंजाल, प्रबंधन समिति के सदस्य, न्यास समिति के सदस्य और अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति बच्चों में उत्साह बढ़ाने वाली थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बैंड ग्रुप ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत कदम ताल और वाद्ययंत्र वादन से किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर बारहवीं तक के बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य आदि कई विधाओं को मंच पर प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। विद्यालय के चेयरमैन विपुल मुंजाल ने स्वागत किया। प्राचार्य नीरज कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखें।

इस अवसर पर सत्र 2021-22 के दसवीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके माता पिता को भी सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद कला, विज्ञान और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। विद्यार्थी अपने-अपने मॉडल और कलाकृतियों के सामने पारंपरिक वेशभूषा में थे। दर्शकों को जानकारी देकर उन्हें संतुष्ट कर रहे थे। हर एक राज्य की कला का प्रदर्शन बच्चे उस राज्य विशेष के लोकनृत्य एवं लोकसंगीत से कर रहे थे।

प्रोजेक्टर के माध्यम से तकनीकी रूप से भी राज्य विशेष की सैर करा रहे थे। कला प्रदर्शनी में सस्टेनबल का स्टॉल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा था। अभिभावक अपने बच्‍चों की इस उपलब्धि पर संतुष्ट और प्रसन्न दिखे।