पठान मूवी विवाद पर बोले फारूक अब्दुल्ला; गाय हिंदुओं की और बैल मुसलमानों का?, मचा बवाल

अन्य राज्य देश
Spread the love

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान से राजनीति गरमा गयी है। अब्दुल्ला ने शुक्रवार को ‘पठान’ मूवी के विवाद पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें ‘बेशरम रंग’ गाने के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गई हैं।

इन शिकायतों पर आरोप लगाया गया है कि इस गाने के दौरान दीपिका पादुकोण के कपड़े ने विशेष रूप से उनकी भगवा बिकनी ने हिंदूओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि “शाहरुख खान की नई मूवी पठान में भगवा रंग के कपड़े पहनने पर विवाद छिड़ गया है।

क्या इसका मतलब यह है कि भगवा हिंदुओं का है और हरा मुसलमानों का? यह क्या है? गाय हिंदुओं की है और बैल मुसलमानों का?”

इसके साथ ही उन्होंने हर बार की तरह इस बार भी धारा 370 खत्म करने को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा था कि धारा 370 खत्म होने के बाद जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद खत्म हो जाएगा। इसे हटाए हुए कितने साल हो गए हैं? क्या घाटी में आतंकवाद खत्म हो गया है?

बता दें कि पठान मूवी विवाद ने बड़े राजनीतिक टकराव को जन्म दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेता ‘बेशरम रंग’ गाने के खिलाफ बात करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गाने के खिलाफ आपत्ति जताते हुए सबसे पहले आरोप लगाया कि यह एक “गंदी मानसिकता” को दिखाता है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला सहित कई नेता इस विवाद में अलग राय रख रहे हैं।