चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ का दिखने लगा असर, जानें अपडेट

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार
Spread the love

तमिलनाडु। चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ का असर दिखने लगा है। इसके कारण चेन्नई में तेज हवाएं चल रही हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। तूफान का सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी तामिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में देखने को मिलेगा। कई जगहों पर भारी बारिश होगी। तेज हवाएं भी चलेगी।

जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस’ पिछले 6 घंटों के दौरान 11 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा। आज यानी 8 दिसंबर, 2022 की सुबह 8.30 बजे त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 300 किमी पूर्व-उत्तर पूर्व में, जाफना (श्रीलंका) से 420 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में, कराईकल से 460 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में और बंगाल से लगभग 550 किमी दक्षिण-पूर्व में चेन्नई में स्थित था।

इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं श्रीहरिकोटा के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के आस-पास के तटों को पार करने की संभावना है। तूफान 9 दिसंबर, 2022 को और तेज होगी। इस दिन मध्यरात्रि के आसपास हवा की गति 65-75 किलोमीटर प्रति घंटे से 85 किमी प्रति घंटे हो सकती है।

तूफान के प्रभाव के मद्देनजर तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है। भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर रायसलीमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों के अधिकतर स्थानों और रायलसीमा में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। दो दिनों तक चेन्नई और तमिलनाडु के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

चेन्नई के आस-पास के जिलों में अगले कुछ घंटों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इन जिलों में चेंगलपट्टू, पूविंदवल्ली, मदुरावायल, तिरुकलगुनराम, थिरुपोरुर, अंबात्तुर, वंदलूर, सेय्यूर, कुंद्रादथुर, मदुरंथागम और उथिरामेरुर शामिल हैं।

चक्रवाती तूफान का झारखंड पर कोई विशेष असर नहीं पड़ेगा। इसके कारण 8 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कई जिलों में आसमान में बादल छा गये हैं। इसके 11 दिसंबर तक छाये रहने की संभावना है। रात के तापमान में धीरे-धीरे 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।