सेमीफाइनल से पहले चोटिल हुए रोहित शर्मा, इंग्‍लैंड के क्रिकेटर ने कही ये बात

दुनिया खेल
Spread the love

आस्‍ट्रेलिया। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले एडिलेड में अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के दाहिने हाथ में चोट लगी। इसे भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक थ्रो-डाउन स्पेशलिस्ट एस रघु रोहित को नेट पर अभ्यास करा रहे थे। इसी दौरान एक गेंद उनके दाहिने हाथ पर लगी। चोट लगते ही रोहित शर्मा ने तुरंत प्रैक्टिस रोक दी। चोट लगने के बाद रोहित आइस पैक लगाकर बैठे हुए नजर आए। रोहित शर्मा के हाव-भाव से साफ पता चल रहा है कि वे काफी दर्द में थे।

हालांकि, कुछ देर के बाद ही रोहित ने नेट पर वापसी की। कुछ गेंदों का सामना किया। इससे ऐसा लग रहा है कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। प्रैक्टिस सेशन के बाद रोहित का टेस्ट हो सकता है। उसके बाद ही चोट के बारे में विस्तार से पता लग पाएगा।

उधर, एडिलेड ओवल में इंग्लैंड क्रिकेटर बेन स्टोक्स ने कहा कि वर्ल्ड कप सेमीफाइनल आसान नहीं होगा। दोनों ग्रुप में टॉप 2 रहना काफी मुश्किल था। एडिलेड में काफी अलग डायमेंशन का मैदान है। हमें अलग तरह के मैदान में खेलने के आदत है। यहां हमें अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा।