ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के माध्‍यम से किसानों दिए गए सरसों और चना बीज

झारखंड कृषि
Spread the love

रांची। झारखंड की राजधानी रांची जिले के कांके प्रखंड के चारी ग्राम में बिरसा फसल विस्तार योजना अंतर्गत चना बीज और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत सरसों मिनिकिट का वितरण 16 नवंबर को किया गया। कार्यक्रम में किसानों को शत प्रतिशत अनुदान पर चना बीज (किस्म GNG-2207) और सरसों मिनिकिट का वितरण ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के तहत किया गया।

प्रखंड प्रमुख सोमनाथ मुंडा, जिला परिषद सदस्य संजय कुमार महतो, जिला कृषि पदाधिकारी विकाश कुमार ने संयुक्त रूप नेचुरली हेल्थ क्रॉप कृषक उत्पादक समूह (FPO) के किसानों के बीच प्रत्यक्षण के लिए बीज बांटें।

जिला परिषद सदस्य संजय कुमार महतो ने बताया कि किसानों को सही समय पर विभाग द्वारा बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। किसान इसको संकुल में लगाये और इससे आमदानी बढ़ाएं।

प्रखंड प्रमुख सोमनाथ मुंडा ने कहा कि किसान अपनी जमीन के अनुसार बीज प्राप्त करें। धान कटने के तुरंत बाद चना और सरसों लगा दे, ताकि खेत परती नहीं रहे। उन्होंने बीज संकुल में लगाने को कहा, ताकि मिलकर फसल की रक्षा की जा सके। उन्होंने किसानों को चना और सरसों बीज का गलत उपयोग नहीं करने की सलाह दी।

जिला कृषि पदाधिकारी विकाश कुमार ने बताया गया कि महिलाएं घर में कार्य करने के साथ-साथ खेती के कार्यों में भी बढ़ चढ़कर काम कर रही है। यह शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि धान कटने के बाद दलहनी की खेती से खेत की उर्वंरकता बढ़ती है। किसान धान की खेती के तुलना में सब्जी की खेती में अधिक मुनाफा कर सकते हैं।

जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को टपक सिचाई के माध्यम से सब्जी की खेती करने की सलाह दी। उन्होने कहा कि किसानों रूचि‍ लेकर खेती करें। विभाग द्वारा उन्हें समय समय पर अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। उन्होने कहा कि ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसान अपना पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य मीना देवी, पंचायत समिति सदस्य गीता देवी, उप मुखिया महेश महतो, प्रखंड कृषि पदाधिकारी नंदेश्‍वर दास, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक प्रदीप कुमार सरकार, सहायक तकनीकी प्रबंधक शुक्ला सरकार, एग्री क्लीनिक के अब्दुल सत्तार, सनोज महतो, बादल महतो, अनिल महतो समेत लगभग 60 महिला और 40 पुरुष बिरसा कृषक उपस्थित थे।