झारखंड स्‍थापना दिवस कार्यक्रम : सभी जिलों में होगा लाइव प्रसारण

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • मुख्यमंत्री ने मुख्य समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची स्थित मोरहाबादी मैदान पहुंचकर 15 नवंबर, 2022 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह कार्यक्रम की तैयारी का जायजा 14 नवंबर को लिया। मुख्यमंत्री ने तैयारियों के संबंध में बिंदुवार जानकारी पदाधिकारियों से प्राप्त की। आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि मुख्य समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अतिथि एवं आमजनों के लिए बैठने की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करें। आगंतुकों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों की बायी और दायीं दोनों ओर एलईडी स्क्रीन्स लगाएं। कुर्सियां एवं एलइडी स्क्रीन्स सुनियोजित एवं व्यवस्थित ढंग से लगाएं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्य मंच के बैकग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद तस्वीर लगाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाड़ियों की पार्किंग की भी व्यवस्था को दुरुस्त रखें। आमजनों को किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े। इसका पूरा ध्यान रखें। विधि व्यवस्था का संधारण चुस्त-दुरुस्त रहे यह सुनिश्चित करें।

पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12.30 से किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों एवं आमजनों के लिए बैठने की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण सभी जिलों में लगी एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। मुख्य समारोह कार्यक्रम से सभी जिले जुड़े रहेंगे।

मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अमिताभ कौशल, सचिव प्रशांत कुमार, रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन 15 नवंबर, 2022 को पूर्वाह्न 7.45 बजे रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। पूर्वाह्न 8.10 बजे बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पूर्वाह्न 9.50 बजे खूंटी के उलिहातू गांव में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद अपराह्न 12.20 बजे मोरहाबादी मैदान रांची में आयोजित झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

राज्य स्थापना दिवस समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेश बैस होंगे। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।