टुंडी के पूर्व विधायक डॉ सबा अहमद का निधन, राजकीय सम्‍मान से होगा अंतिम संस्‍कार

झारखंड
Spread the love

धनबाद। झारखंड के टुंडी के पूर्व विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे डॉ सबा अहमद का 19 नवंबर को निधन हो गया। उन्‍होंने दिल्‍ली के एक अस्‍पताल में अंतिम सांस ली। सीएम हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताया है। उनका अंतिम संस्‍कार राजकीय सम्‍मान के साथ होगा।

डॉ अहमद टुंडी विधानसभा से तीन बार विधायक रहे। एकीकृत बिहार में वह लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी सरकार में मंत्री रहे। बिहार में उन्‍होंने उच्‍च शिक्षा और कारा मंत्री का दायित्‍व संभाला था।

डॉ अहमद झारखंड विधानसभा के उपाध्‍यक्ष और कार्यकारी अध्‍यक्ष भी रहे। उन्‍होंने अपने राजनीति की शुरुआत झामुमो से की थी। इसके बाद राजद और फिर झाविमो में शामिल हुए।

कोरोना के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उनकी सेहत लगातार गिरती चली गई। उन्‍हें इलाज के लिए दिल्‍ली के फोर्टिज अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। वहां आज सुबह 5 बजे उन्‍होंने अंतिम सांस ली।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताया। उन्‍होंने ट्वीट कर कहा, ‘टुंडी के पूर्व विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे आदरणीय डॉ सबा अहमद साहब जी के निधन की दुःखद खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। राजकीय सम्मान के साथ डॉ सबा अहमद साहब को अंतिम विदाई दी जायेगी।‘