रांची। अक्टूबर महीने में दीपावली, छठ सहित कई पर्व हैं। इसे देखते हुए कर्मचारी पहले वेतन भुगतान की आस लगाये बैठे हैं। झारखंड के कई कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन भुगतान 20 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। इसका आदेश वित्त विभाग ने जारी कर दिया है।
वित्त विभाग के उप सचिव राजकिशोर खाखा ने 17 अक्टूबर को इससे संबंधित आदेश जारी किया है। उप सचिव ने लिखा है कि दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि झारखंड सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय और विधानसभा सचिवालय में सभी पदाधिकारी और कर्मियों को अक्टूबर 2022 के मासिक वेतन का भुगतान 20 अक्टूबर, 2022 से किया जाए।
जानकारी हो कि शिक्षकों ने दीपावली और छठ से पहले वेतन भुगतान की मांग की थी। इस संबंध में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव राम मूर्ति ठाकुर ने प्रधान वित्त सचिव को पत्र लिखा था।
ठाकुर ने लिखा था कि 24 अक्टूबर को दीपावली और 30 व 31 अक्टूबर को छठ है। उक्त दोनों पर्वों से पहले माह अक्टूबर का वेतन भुगतान किया जाना अपेक्षित है। सितंबर का वेतन भी दुर्गा पूजा के कारण पहले ही किया गया था।