अंडमान सागर में बना लो प्रेशर एरिया, ये असर होगा JHARKHAND में

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे हुए एरिया में एक लो प्रेशर एर‍िया बना हुआ है। उसके और प्रबल होने की संभावना जताई जा रही है। इसका मूवमेंट पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में है। कल यानी 22 अक्‍टूबर को उसके डिप्रेशन में तब्‍दील हो जाने की संभावना है। यह और ऊपर उठता हुआ 23 अक्‍टूबर को डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा। उस समय उसकी दिशा उत्तर-पश्चिम में होगी। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने 21 अक्‍टूबर को दी।

आनंद ने बताया कि डीप डिप्रेशन और प्रबल होता हुआ 24 अक्‍टूबर को चक्रवात और 25 अक्‍टूबर को गहरे चक्रवात में बदल जाने की संभावना है। इसका ट्रैक पश्चिम बंगाल और बंग्‍लादेश के बॉर्डर के आसपास रहने की संभावना जताई जा रही है। इसकी वजह से 24 अक्‍टूबर से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई इलाकों में आंशिक बादल देखने को मिलेंगे। कई जगहों पर तेज हवा भी चलने की संभावना है।

26 अक्‍टूबर तक ये स्थिति

22 से 24 अक्‍टूबर तक सुबह में कोहरा छाया रहेगा। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। मौसम मुख्‍यत: शुष्‍क रहेगा।

25 अक्‍टूबर को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने की उम्‍मीद है।

26 अक्‍टूबर को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश होने की उम्‍मीद है।

रांची का ये हाल

मौसम केंद्र के मुताबिक रांची और आसपास के इलाकों में 21 से 23 अक्‍टूबर तक सुबह में कोहरा छाया रहेगा। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। 24 अक्‍टूबर को आकाश साफ रहेगा। 25 अक्‍टूबर तक आंशिक बादल छाये रहेंगे।