रावण दहन के दौरान भीड़ के ऊपर गिरा जलता हुआ पुतला, देखें लाइव VIDEO

अन्य राज्य देश
Spread the love

हरियाणा। बुधवार को हरियाणा के यमुनानगर में रावण दहन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, रावण दहन के ठीक बाद लोग लकड़ी उठाने के लिए जैसे ही रावण के पुतले की तरफ दौड़े वह लोगों के ऊपर गिर गया।

वीडियो से साफ बयान हो रहा है कि कुछ लोग जलते हुए पुतले की चपेट में आ गए हैं, लेकिन प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में किसी को भर्ती नहीं किया गया है। इसलिए घायलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकती है।

यमुनानगर के दशहरा ग्राउंड में करीब 70 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया गया। जैसे ही लोगों के ऊपर पुतला गिरा मैदान में भगदड़ मच गई। हालांकि आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में कर लिया।

हरियाणा के साथ-साथ आज देशभर में दशहरा का आयोजन हुआ। इसमें रावण दहन की अलग-अलग तस्वीरें सामने आईं। कई जगहों पर बारिश की वजह से रावण दहन में दिक्कतें भी हुईं।

जैसे भोपाल में दिन में बारिश के कारण रावण का पुतला नहीं जल पाया। यहां पुतले पर पेट्रोल भी छिड़का गया, लेकिन तमाम कोशिशें नाकामयाब ही रहीं। यह मामला भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान का था। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, रांची के मोरहाबादी मैदान, पटना के गांधी मैदान में भी दशहरे की धूम दिखी।