फर्जी तरीके से संचालित प्रगति हॉस्पिटल में छापेमारी, सामान जब्‍त कर थाने ले आई पुलिस

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कांडी-मझिआंव मुख्य सड़क स्थित प्रगति हॉस्पिटल में गुरुवार को पुलिस ने छापामारी की। सभी सामानों को जब्त कर पुलिस थाना ले गई। हॉस्पिटल फर्जी रूप से चलाया जा रहा था।

कांडी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित फर्जी अस्‍पताल और क्लिनिक की सूचना मिलने पर पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उप निदेशक (स्वास्थ्य सेवा) के निर्देश पर मझिआंव रेफरल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर गोविंद सेठ द्वारा 6 मई को कांडी पहुंचकर प्रगति हॉस्पिटल और लाइफ लाइन हॉस्पिटल की जांच की गई थी।

जांच के दौरान कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं था। अप्रशिक्षित पारा कर्मी काम कर रहे थे। मानक के अनुरूप व्यवस्था नहीं रहने और मांगे जाने पर प्रबंधक द्वारा किसी प्रकार का अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर गढ़वा सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से प्रगति अस्पताल और लाइफ लाइन अस्पताल का निबंधन समाप्त कर दिया गया था।

साथ ही, भविष्य में अस्पताल संचालित करने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई थी। इसके बाद भी चोरी-चुपके प्रगति हॉस्पिटल में मरीजों का एडमिट और ऑपरेशन करना जारी था।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत गुड़ूर गांव निवासी बुलाकी पासवान की गर्भवती पत्नी सीमा देवी को भर्ती कर बुधवार की अहले सुबह करीब पांच बजे बड़ा ऑपरेशन कि‍या गया। उक्त बात की जानकारी मझिगावां गांव निवासी हरिदास पासवान की पत्नी यानी पीड़िता सीमा देवी की मां ने जानकारी दी है। उन्‍होंने कहा कि नवजात बच्चे में कोई सुगबुगाहट नहीं होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। परिजन जब नवजात बच्चे को लेकर गढ़वा व गढ़वा से डाल्टनगंज गए, तब वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार की सुबह परिजनों द्वारा डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल के बाहर हंगामा किया जा रहा था। मामला संज्ञान में आने के बाद रेफरल अस्पताल मझिआंव के चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर गोविंद सेठ ने अस्पताल की जांच की। मरीज व परिजनों से हाल जाना। उसके बाद पीड़ित महिला सीमा देवी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से मझिआंव रेफरल अस्पताल भेजा गया।

इस संबंध में जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कमलेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहकीकात जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उक्त संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिये जाएंगे। मझिआंव रेफरल अस्पताल प्रभारी द्वारा दर्ज की जाएगी। इधर इस संबंध में मझिआंव रेफरल प्रभारी डॉ गोविंद सेठ ने बताया कि फिलहाल उक्त महिला को बेहतर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। शेष जांच प्रक्रिया जारी है।

उपायुक्त के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित प्रगति अस्पताल में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, थाना प्रभारी फैज रब्बानी, चिकित्सा प्रभारी गोविंद सेठ व पुलिस जवान की उपस्थिति में छापामारी चला। अस्पताल के ठीक सामने एक निजी मकान में भी छापेमारी चला। इसमें अस्पताल का पांच बेड लगा हुआ था। साथ ही, अलमीरा में लाखों रुपये का दवा जब्त की गई। अस्पताल संचालक फरार हो गया था।