रांची। लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष रत्न अग्रवाल को कर्तव्यों के बखूबी निर्वहन के लिए जाना जाता है। जरूरतमंद लोगों की सेवा को देवसेवा तुल्य समझने वाले श्री अग्रवाल की एक खासियत और भी है। इनके अंदर राष्ट्रभक्ति का जज्बा भी कूट-कूटकर भरा है। इनकी पत्नी लायंस की प्रथम महिला सुनीता अग्रवाल इनके हर फैसले में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती हैं।
इस बार दोनों लायंस परिवार समेत शहरवासियों से देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिये अपने घर को तिरंगे से सजाने का आग्रह कर रहे हैं। इतना ही नहीं लायंस क्लब रांची ईस्ट से जुड़े परिवार के घर तिरंगा भेजने की व्यवस्था भी कर रहे हैं।
यहां आपको बता दें कि भारत सरकार ने इस 75वें स्वतंत्रता दिवस पर घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए एक बहुत ही अलग तरह की पहल की है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने के इरादे से इस अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान को नाम दिया है ‘हर घर तिरंगा’।
रविवार को अपने मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कहा कि देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिये अपने घर को तिरंगे से सजाएं। अपने सोशल मीडिया डीपी में भी तिरंगे की तस्वीर लगाएं। इस अभियान के तहत 13 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 तक झंडा फहराने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।
इससे प्रेरित होकर लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष रत्न अग्रवाल ने लायंस समेत शहरवासियों से इस राष्ट्रप्रेम अभियान को सफल बनाने की अपील की है।