सीएम भूपेश बघेल का दावा, जल्द छत्तीसगढ़ से होगा नक्सलवाद का खात्मा

अन्य राज्य देश
Spread the love

  • नया रायपुर में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा (NIA) कार्यालय का उद्घाटन

हेमंत वर्मा

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि NIA एक विश्वसनीय संगठन के रूप में जाना जाता है। चाहे उग्रवाद हो या आतंकवाद, ये मानवता के दुश्मन हैं। हमें इनके खिलाफ कार्य करने वाली सभी एजेंसियों का समर्थन करना चाहिए। मुख्यमंत्री बघेल राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा (NIA) के रायपुर कार्यालय भवन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर बोल रहे थे। वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री के सहयोग से छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का बहुत जल्द खात्मा किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ निर्माण के साथ ही वामपंथ उग्रवाद हमें विरासत में मिला। इसकी वजह से  जवान शहीद हुए। जनहानि हुई, लेकिन आज हम नक्सलवाद को बहुत हद तक पीछे ढकेलने में सफल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां, राजनीतिक लोग और आम जनता इसके लिए धन्यवाद की पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि लोगों का विश्वास छत्तीसगढ़ सरकार पर है। बहुत जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने में सफल होंगे।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा (NIA) रायपुर के कार्यालय भवन का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि परंपरागत त्यौहारों को हमारे पूर्वजो ने बहुत सोच समझ कर बनाया है। पोला पर्व तो अन्न से जुड़ा त्यौहार है, जिसमें कृषि से जुड़ी वस्तुओं की पूजा की जाती है।

अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद और आतंकवाद की लड़ाई केवल केंद्र और राज्य की नही है, बल्कि यह विकास का भी मुद्दा है। जब तक इन्हें खत्म नहीं किया जाता, तब तक किसी भी देश या राज्य का विकास नहीं हो सकता है। नक्सलवाद पर नकेल कसने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर वह प्रदेश में वामपंद उग्रवाद का खात्मा करेंगे।