बिहार में एमएलसी और एमपी के घर में सीबीआई की रेड

बिहार
Spread the love

पटना। नौकरी घोटाले में कथित जमीन को लेकर बिहार में सीबीआई की छापेमारी चल रही है। एमएलसी सुनील कुमार सिंह, एमपी अशफाक करीब और पूर्व एमएलसी सुबोध रॉय के घर पर छापेमारी की गई। उधर, राजद ने इसे साजिश करार दिया है।

बिहार की राजधानी पटना में आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी चल रही है। वे राजद प्रमुख और पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के करीबी बताए जाते हैं। पार्टी के कोषाध्‍यक्ष भी हैं।

पटना में ही राजद सांसद अशफाक करीम के आवास पर सीबीआई की छापेमारी चल रही है। राजद के पूर्व एमएलसी सुबोध रॉय के आवास पर भी सीबीआई की छापेमारी चल रही है।

राजद एमएलसी और बिस्कोमान पटना के अध्यक्ष सुनील सिंह ने अपने आवास पर सीबीआई छापे पर कहा कि यह सब जान बूझकर किया जा रहा है। इसका कोई मतलब नहीं है। वे यह सोचकर ऐसा कर रहे हैं कि डर कर विधायक उनके पक्ष में आएंगे।

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि आज बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट है। इन्होंने (BJP) डराने के लिए आज का दिन चुना है। आप राजनीतिक रूप से लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं। आप इन्हें ED, CBI की नहीं आप इन्हें भाजपा की रेड कहिए। ये संगठन भाजपा के लिए काम करती है।

झा ने कहा कि कल ही हमारे उप मुख्यमंत्री ने यह कहा था ये लोग (BJP) इस स्तर पर जाएंगे। एक दिन वो भी आएगा, जब आप नहीं होंगे और आप भी इसी जद में आएंगे। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र और फिर बिहार आपके पास स्क्रिप्ट वही है। हम बिहारी हैं। टिकाऊ हैं। बिकाऊ नहीं हैं।