झारखंड में पिटाई से महिला की मौत, पूरे इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

झारखंड
Spread the love

साहेबगंज। झारखंड के साहिबगंज में घरेलू हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के छोटा पंचगढ़ का है, जहां एक महिला को बुरी तरह पीटा गया। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

शनिवार सुबह मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने इस बात की सूचना जिरवा थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं।

आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस मामले को लेकर मृतका संगीता देवी के पिता प्रतीख मंडल ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी उन्हीं के गांव के रहने वाले राजमिस्त्री बबलू मंडल (पिता सुधीर मंडल) से हुई थी।

मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। कई बार घर के बाहर भी दौड़ा-दौड़ा कर मारा जाता था। हालांकि इस बात का विरोध उन्होंने कई बार उसके घर जाकर भी किया था, लेकिन उसके दामाद ने उल्टा उन्हें ही गाली गलौज कर भगा देता था।

बेटी की मौत के बाद पिता ने कहा है कि 1 दिन पूर्व भी उनकी बेटी के साथ बहुत ज्यादा मारपीट की गई थी। लाठी-डंडे, दबिया, लात घूसे से उसे बुरी तरह से मारा गया था, जिससे उसके शरीर के अंदरूनी हिस्सों में काफी चोटें आई थीं।

इस कारण उसका इलाज कराने ससुराल वाले भागलपुर भी ले गए थे, लेकिन शनिवार सुबह करीब 3 बजे भागलपुर से उनकी पुत्री को लेकर घर आ गये और पता चला कि उसकी मौत हो गई है।

पुलिस ने आरोपी पति बबलू मंडल को गिरफ्तार कर थाने ले आई है। उससे पूछताछ की जा रही है। जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।