रांची के आनि गांव में बनेगी कुष्ठ कालोनी, जी +1 के बनेंगे आठ ब्लॉक

झारखंड
Spread the love

  • पीएमएवाई (शहरी) के तहत बनेंगे 256 आवास
  • जमशेदपुर में भी जल्द तैयार हो जायेगी कालोनी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित आनि गांव में कुष्ठ कालोनी का निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। लगभग चार एकड़ भूमि पर 256 आवासों की कुष्ठ कालोनी बनाई जायेगी। इसके लिए प्राथमिक प्रक्रियाएं भी पूरी हो चुकी है। प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाने के बाद एजेंसी का चयन करते हुए कार्यादेश जारी कर दिया जायेगा। कालोनी के निर्माण पर 30 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये जायेंगे। कालोनी में कुष्ठ प्रभावित परिवार को निःशुल्क आवास उपलब्ध कराया जायेगा। यह कालोनी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बनाई जायेगी।

वर्तमान में राज्य कुष्ठ कल्याण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पलामू के मेदिनीनगर से हुई है। जुडको भी इस दिशा में सार्थक पहल कर रहा है, ताकि कुष्ठ प्रभावित लोगों के अपने घर का सपना पूरा हो सके। इससे पहले देवघर में कुष्ठ कालोनी का निर्माण किया जा चुका है। जमशेदपुर में भी नवजीवन कुष्ठ आश्रम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

आनि में जी +1 के आठ ब्लॉक बनेंगे। कालोनी के एक आवास के निर्माण में लगभग 9.50 लाख रुपये की लागत आयेगी। इसमें प्रति आवास के निर्माण की लागत में एक लाख रुपये केंद्र सरकार देगी। लगभग 310 वर्गफीट में एक आवास बनेगा। इसमें एक बेडरूम, एक हाल, किचन, शौचालय और एक बालकनी होगा।

प्रत्येक आवास में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। साथ कुष्ठ कालोनी में आंतरिक सड़क, पार्किंग की सुविधा के साथ ही खूबसूरती के लिए लैंडस्केपिंग भी करायी जायेगी। कालोनी में रेनवाटर हार्वेस्टिंग और ड्रेनेज सिस्टम भी रहेगा। रांची के इंदिरानगर, निर्मला कालोनी और तपोवन मंदिर के पास रहने वाले कुष्ठ रोगियो को प्रस्तावित कालोनी में एक ही स्थान पर बसाया जायेगा। कमजोर एवं वृद्ध लोगों को नीचले तल पर आवास आंवटित किया जायेगा।