सरकार की उपलब्धियां गिनाने गए भाजपा के इस विधायक को लोगों ने बनाया बंधक, छीना मोबाइल

देश बिहार
Spread the love

भागलपुर। भागलपुर के बिहपुर विधानसभा से भाजपा विधायक ई शैलेंद्र आज नरेंद्र मोदी के आठ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाने खरीक के लोकमानपुर गांव पहुंचे थे। वहां विधायक ई शैलेंद्र को आक्रोशित ग्रामीणों के ग़ुस्से का सामना करना पड़ा। यहां ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक विधायक को बंधक बनाया और कमरे में बंद कर दिया।

दरअसल जिस क्षेत्र में विधायक उपलब्धि गिनाने के लिए पहुंचे थे, उस क्षेत्र की जनता हर वर्ष बाढ़ और कटाव का दंश झेलती है। इस बार भी अब तक कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे आक्रोशित लोगों ने विधायक को घेर कर बंधक बनाया। इतना ही नहीं, बल्कि उनका एक फोन भी जब्त कर लिया। यह जानकारी विधायक ने खुद फेसबुक पर साझा की।

विधायक को बंधक बनाए जाने की खबर फैलते ही पूरे जिले में सनसनी मच गई। बड़ी संख्या में समर्थक लोकमानपुर की तरफ रवाना हो गए। वहीं एक वीडियो संदेश जारी कर विधायक ने ग्रामीणों की मांग को सही ठहराया है।

विधायक ने कहा कि कोसी पार की बड़ी आबादी कोसी नदी के कटाव से प्रभावित है। इसके लिए उन्होंने पिछले दिनों कोसी पार के लोकमानपुर, सिंहकुंड, बालू टोला, मैरचा, कहारपुर में कटाव निरोधी कार्य को लेकर विधानसभा में दो बार मामले को उठाया। लेकिन किसी कारण इस वर्ष इन जगहों पर अब तक कोसी कटाव रोकने के लिए कार्य शुरू नहीं हो सका।